
यमुनोत्री पैदल धाम मार्ग पर भूस्खलन से अफरा-तफरी मच गई है। इस भूस्खलन की चपेट में कई यात्री आ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर पहुंच गए हैं और रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया गया है। घटना में एक किशोरी की मौत हो गई। एनडीआरएफ से मिली सूचना के अनुसार घटना स्थल से एक और शव बोल्डर और मलबे के नीचे से निकाला गया है। अन्य दबे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सूचना के अनुसार जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौकैंची के समीप अचानक बोल्डर और मलबा गिर गया। उस दौरान पैदल मार्ग पर जा रहे करीब कई लोग बोल्डर के साथ खाई में जा गिरे। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
उत्तरकाशी जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम 4.12 बजे बिना बारिश के यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौ कैंची बैंड के पास पहाड़ी अचानक टूट गई। इसके मलबे में 4 से 5 तीर्थयात्रियों के दबने की आशंका है।