सीएम धामी ने ₹7,844 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट किया पेश,स्वास्थ्य,शिक्षा,कुंभ और किसानों पर खुला खजाना
विधानसभा सत्रके पहले दिन सीएम धामी ने 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह अंतिम बजट माना जा रहा है। ऐसे में इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हर वर्ग को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। गैरसैंण में पेश अनुपूरक बजट में धान-गेहूं खरीद के लिए ₹1,100 करोड़, दिव्य कुंभ के लिए करीब ₹290 करोड़ और स्वास्थ्य, शिक्षा व बुनियादी सुविधाओं के लिए भी बड़ी रकम रखी गई है।
अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये और सरकारी कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज तथा नर्सिंग संस्थानों के विकास के लिए 160 करोड़ रुपये दिए गए हैं। गैरसैंण जलापूर्ति बांध परियोजना के लिए ₹122 करोड़ रखे गए हैं। पेयजल विभाग में केएफडब्ल्यू परियोजना के लिए करीब ₹110 करोड़ और जल जीवन मिशन में ठेकेदारों के बकाया भुगतान के लिए ₹300 करोड़ का प्रावधान है। इसके अलावा शहरी विकास विभाग की एडीबी पोषित योजनाओं के लिए करीब ₹100 करोड़ रखे गए हैं।
सामाजिक कल्याण की योजनाओं में कल्याणकारी पेंशन के लिए करीब ₹93 करोड़ और निराश्रित विधवा पेंशन के लिए करीब ₹27 करोड़ रखे गए हैं। भोजन माताओं के मानदेय के लिए ₹20 करोड़ और सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत करीब ₹60 करोड़ का प्रावधान किया गया है।मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लिए करीब ₹2 करोड़ रखे गए हैं। ग्रामीण और शहरी स्थानीय निकायों के लिए छठे राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए ₹721 करोड़ का प्रावधान किया गया है।




