बद्रीनाथ से हरिद्वार जा रही एक बस लामबगड़ के पास तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित हो गई। इससे बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी की ओर झूल गई। हालांकि समय रहते बस सड़क किनारे लगे एक बड़े पत्थर से टकराकर रुक गई।
हादसे में बस सवार सभी 25 यात्री सुरक्षित हैं। गनीमत रही कि बस नदी में गिरने से बाल-बाल बच गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गोविंदघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस में सवार सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।



