केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी के बीच अस्थायी कर्मचारियों का आमरण अनशन शुरू
केदारनाथ धाम में इस समय भारी बर्फबारी होने की सूचना है। कड़ाके की ठंड और विषम मौसम के बीच श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अस्थायी कार्मिकों ने अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। 28 अक्टूबर को हुई वार्ता विफल होने के बाद आज 29 अक्टूबर से मंदिर कार्मिक रमेश कुर्मांचली, पुष्कर रावत, आशुतोष शुक्ला और संजय पवार आमरण अनशन पर बैठ गए हैं, जबकि अन्य अस्थायी कर्मचारी उपवास के माध्यम से आंदोलन में शामिल हैं। बर्फबारी और भीषण ठंड के बीच कर्मचारियों का यह आंदोलन उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा रहा है।
आंदोलन केवल केदारनाथ धाम तक सीमित नहीं है। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ, काशी विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी, कालीमठ, तुंगनाथ, विद्यापीठ, संस्कृत विद्यालय, त्रियुगीनारायण और गौरीकुंड सहित मंदिर समिति के अधीनस्थ अन्य मंदिरों के अस्थायी कार्मिक भी उपवास पर हैं। कर्मचारियों के अनुसार, उनकी प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 426/2024 का क्रियान्वयन और वेतन संबंधी मांगों पर कार्रवाई शामिल है।




