मसूरी: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिल्म के एक सीन की शूटिंग करते नजर आए। फिल्मी दृश्य में वह अपनी साथी कलाकार के साथ माल रोड पर घूमते और शॉपिंग करते दिखाई दिए। बुधवार को अक्षय कुमार स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण वह शूटिंग के लिए मसूरी नहीं पहुंच सके और शूटिंग रद करनी पड़ी, जबकि मसूरी के लाइब्रेरी बाजार में मालरोड पर शूटिंग की पूरी तैयारी कर ली गयी थी और कैमरे सहित शूटिंग का सभी साजो सामान स्थापित कर लिया गया था।
मसूरी के ऐतिहासिक होटल सवॉय में भी फिल्म के एक गाने का दृश्य फिल्माया गया। फिल्म यूनिट मसूरी की ऐतिहासिक इमारतों और खूबसूरत वादियों को फिल्म के दृश्यों में शामिल कर रही है। बताया जा रहा है कि देर शाम जॉर्ज एवरेस्ट और स्प्रिंग रोड क्षेत्र में भी कुछ सीन फिल्माए जाने हैं। शुक्रवार को भी अक्षय कुमार के मसूरी में शूटिंग करने की संभावना है।
मसूरी की माल रोड, पुराने भवन, घुमावदार सड़कें और पहाड़ों पर छाई धुंध फिल्मकारों को लंबे समय से आकर्षित करती रही हैं। यहां शूटिंग होने से शहर को भी नई पहचान मिलती है। बड़े कलाकारों की मौजूदगी स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण बनती है।




