देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित खेल महाकुम्भ-2026 का रविवार को राजधानी देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित मिनी स्टेडियम में भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस वर्ष मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी देहरादून जनपद ने अपने नाम की।
देहरादून की टीम को मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। समारोह में पारंपरिक मलखम्ब और आर्टिस्टिक योग की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
3.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुम्भ में 3 लाख 35 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या करीब 2 लाख 20 हजार थी। प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों और सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया। इस बार कुल 32 प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
खिलाड़ियों को मिलेगी 11.30 करोड़ की पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आर्थिक अभाव के कारण आगे बढ़ने से नहीं रोका जाएगा। इस वर्ष लगभग 11 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इसके साथ ही राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में पदक जीतने वाले पात्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का प्रावधान भी किया गया है।
‘मेरी युवा’ पोर्टल का किया शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए meroyuva.in पोर्टल का भी विमोचन किया। खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से युवाओं को छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।




