
प्रदेश में तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया गया है। इसके साथ ही प्रदेशभर से चयनित 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दोनों पुरस्कार आठ अगस्त को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चयनित महिलाओं को सम्मानित करेंगे।
इसमें अल्मोड़ा से 21, बागेश्वर से आठ, चमोली और चंपावत से 12-12, देहरादून से 23, हरिद्वार से 22, नैनीताल से 29, पौड़ी से आठ, पिथौरागढ़ से 13, रुद्रप्रयाग से 11, टिहरी से 13, ऊधमसिंह नगर से 11 और उत्तरकाशी जिले से विभाग को 24 आवेदन थे। इसमें से 13 महिलाओं का चयन किया गया है। जबकि राज्यस्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए विभाग को प्रदेश भर से 220 आवेदन मिले। पुरस्कार के लिए इसमें से 35 महिलाओं का चयन किया गया है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार उन महिलाओं को समर्पित है। जिन्होंने संघर्ष, साहस और समर्पण के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चयनित महिलाओं ने संस्कृति, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है, ताकि उनकी सफलता अन्य महिलाओं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन सके।
इन 13 महिलाओं को मिलेगा वर्ष 2026 का तीलू रौतेली पुरस्कार: इस वर्ष
- उत्तरकाशी की श्वेता बधानी (स्वतंत्री) को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए
- अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल को संस्कृति एवं कला के क्षेत्र में
- बागेश्वर की दया दानू को समाज सेवा
- चमोली की नंदा सती को संगीत
- चंपावत की रितिका बगोली को पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा
- देहरादून की नीतू रानी को शिक्षा एवं बहादुर
- हरिद्वार की वैशाली शर्मा को समाज सेवा
- नैनीताल की लतिका को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि
- पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पत थपलियाल को खेल समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में
- पिथौरागढ़ की कलावती देवी को सामाजिक कार्य
- रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी को समाज सेवा
- टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल को सामाजिक क्षेत्र
- उधम सिंह नगर की पुष्पा देवी को दिव्यांग खेल


