
मसूरी में 12 साल बाद शरदोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 6 से 10 अक्टूबर तक होने वाले इस भव्य उत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। नगर पालिका सभागार में शरदोत्सव के ब्रोशर का भी लॉन्च किया गया।
उत्सव में उत्तराखंड समेत देशभर के कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, पद्मश्री बसंती बिष्ट, कुलदीप शर्मा, पांडव बैंड, गजेंद्र राणा समेत कई कलाकार कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन से पहले 6 अक्टूबर को सर्वे मैदान से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो घंटाघर और माल रोड होते हुए गांधी चौक पहुंचेगी। स्कूली छात्राएं आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा मसूरी खेल संघ की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।





