
उत्तराखंड में 12 नवंबर से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत उन लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का मौका मिलेगा, जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है या विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कट गया है।
इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी अपना वोट बनवा सकेंगे। इसके लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर सुधार भी कराया जा सकेगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
16 नवंबर से आप अपनी जनगणना खुद कर सकते हैं। निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्व-गणना के तहत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी और परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद घर-घर जाकर जनगणना प्रदेश भर में एक दिसंबर से अगले साल चार जनवरी तक होगी। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल ऐप और डिजिटल उपकरणों के जरिए डेटा जुटाया जा रहा है।




