देहरादून: मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में सुबह भीषण आग लग गई। दूसरी मंजिल पर स्थित 6 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इनमें 5 दुकानें बालाजी एम्पोरियम की थीं, जहां रखा फैंसी ड्रेस का सामान जलकर राख हो गया।आग लगने से कॉम्प्लेक्स में आसपास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया था।
सूचना पर दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एक दर्जन से ज्यादा फायरकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। करीब ढाई घंटे से दुकानों में आग धधक रही है। दुकानदारों को करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका है।आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।




