देहरादून के सुभाषनगर स्थित हुंडई कार सर्विस सेंटर में गुरुवार सुबह 5:30 बजे भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही क्लेमनटाउन पुलिस और अग्निशमक विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस बल और फायर स्टेशन से दमकल के कई वाहन तत्काल मौके पर पहुंच गए। आग शोरूम की तीसरी मंजिल से भड़क रही थी। जिसने बचाव दल पहुंचने तक विकराल रूप ले लिया था।
सर्विस के लिए पार्क की गई चार कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की वजह से शोरूम के सर्विस एरिया और अन्य स्टोर में रखा काफी कीमती सामान और स्पेयर पार्ट्स जलकर राख हो गए हैं।
एसओ क्लेमनटाउन लोकपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शोरूम में शॉर्ट सर्किट होना प्रतीत हो रहा है। आग लगने के विस्तृत कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।



