देहरादून: डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में उस समय विवाद हुआ, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम का शुभारंभ करके निकले, उनके कार्यक्रम से निकलने के बाद यहां छात्रों में झड़प हो गई। इस दौरान एक छात्र को चाकू लगने से वह घायल हो गया। उसे कॉलेज की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को कॉलेज परिसर में छात्रसंघ समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने अपनी लाइव प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा हमेशा हमें अपने कॉलेज के दिन याद दिलाते हैं। आप सिर्फ युवा छात्र नहीं हैं। आप देश का वर्तमान भी हैं और भविष्य भी।
डांस के दौरान छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। इस हाथापाई में गौरव नाम के एक छात्र को चाकू लग गया। फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। कॉलेज प्रशासन भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।


