देहरादून के गांधी पार्क में स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कारगिल विजय दिवस पर परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों को सरकार की ओर से दी जाने वाली अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध में देश के 527 जांबाज जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि उत्तराखंड सिर्फ देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरभूमि भी है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। 18 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर अत्यंत विषम परिस्थितियों में भारत के सैनिकों ने अद्वितीय वीरता, अटूट मनोबल और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देकर दुश्मन को परास्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सुरक्षा नीति अधिक सशक्त, निर्णायक और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हुई है। आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई, सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक आधारभूत संरचना का तीव्र विकास व रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए प्रयास नए भारत की शक्ति के प्रतीक हैं।


