रायपुर स्थित रिंग रोड पर शराब ठेके के बाहर फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है। एक घायल को कैलाश अस्पताल जबकि दूसरे को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस गोली चलाने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
रायपुर के छह नंबर पुलिया स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोलियां चलने के बाद इलाके में भगदड़ मचा गई।
एक गोली नवीन राणा के कंधे पर लगी जोकि मांस की चीरते हुए बाहर निकल गई। वहीं दूसरी गोली पास में खड़े कैनेन्द्र निवासी बिजनौर के पैर में लगी। किसी ने फायरिंग की सूचना कंट्रोल में दी, जिसके बाद रायपुर थाने से थानाध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।



