उत्तराखंड

Chamoli Accident: चमोली में वाहन कैल नदी में गिरा, 4 लोगों की मौत, 3 घायल

गुरुवार को कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़कते हुए सीधे कैल नदी में जा गिरा। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना लोसरी से आगे कुनार क्षेत्र के पास हुई। वाहन में सवार यात्री किसी कार्य से क्षेत्र की ओर जा रहे थे। अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन सीधे केल नदी में जा पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को सूचना दी गई। बचाव टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं और घायलों को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार दुर्घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनास्थल की स्थिति बेहद गंभीर है और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। एसडीआरएफ की टीम नदी और आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

इस दुखद हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

 

Related Articles

Back to top button