
रुद्रपुर: 13 साल की मासूम नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं। वाटर पार्क जाने के बहाने नाबालिग को एक होटल ले जाया गया। जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया।
ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक महिला ने कोतवाली रुद्रपुर में अपनी नाबालिग पुत्री के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूचना के अनुसार, यह खौफनाक घटना 6 जुलाई की दोपहर की है। पीड़िता की मां ने बताया उसकी 13 वर्षीय बेटी अपने मोहल्ले की एक सहेली के साथ वाटर पार्क जाने के लिए निकली थी। पीड़िता की सहेली युवक को पहले से जानती थी। उसने उसे अपना मुंहबोला भाई बताया। युवक के साथ उसका कथित चाचा भी मौजूद था ।
युवक और उसका साथी नाबालिग को सीधे लालपुर स्थित टोल प्लाजा के पास बने एक होटल में ले गए। वहां आरोपियों ने नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद युवक और उसके साथी ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।


