कैब चालक ने राइड के दौरान महिला जज के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि चालक ने उनसे तय किराये से दोगुने पैसे मांगे और अपहरण करने का प्रयास किया। महिला जज ने जब ज्यादा पैसे देने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चालक उन्हें एक अंधेरी और सुनसान गली में ले गया, जो आगे से बंद थी। महिला को स्थिति संदिग्ध लगी, तो उन्होंने अपने परिचित को कॉल किया। शिकायत में धमकी देने और राइड कैंसिल करने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
जज ने आगे बताया, ‘तभी मैंने गाड़ी में बैठे-बैठे ही अपने कोर्ट मोहर्रिर रविन्द्र को फोन करके बताया कि यह मुझे कहीं ले जा रहा है। उसके बाद इसने मुझे कहा कि मैं तुझे अभी बताता हूं, तुझे मजा चखाता हूं, तू महिला है ना, मेरी पुलिस मे अच्छी जान पहचान है, मैं अभी तुझे ठीक करता हूं। वह मुझे धमकी देने लगा। जज कॉलोनी पहुंचने पर, उसने वहां के सुरक्षा गार्ड को भी धमकी दी, जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई।’
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की गई। डालनवाला कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 127(2), 308(3), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज की है। एफआईआर में आरोपी के रूप में ऑनलाइन कंपनी के चालक का उल्लेख है, जबकि उसका नाम और पता अज्ञात बताया गया है।



