उत्तराखंडदेहरादून

चमोली की भागीरथी बिष्ट ने हैदराबाद मैराथन में जीता सिल्वर मेडल, 42 किलोमीटर की दौड़ 2 घंटे 51 मिनट में की पूरी

उत्तराखंड के चमोली की बेटी भागीरथी बिष्ट ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। हैदराबाद में आयोजित 42 किलोमीटर मैराथन में भागीरथी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने यह लंबी दौड़ महज 2 घंटे 51 मिनट में पूरी की। प्रतियोगिता के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने उन्हें पदक देकर सम्मानित किया।

 

भागीरथी के कोच हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी और अंतरराष्ट्रीय मैराथन एथलीट सुनील शर्मा ने बताया कि भागीरथी ने 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ 2 घंटे 51 मिनट में पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि भागीरथी लगातार कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले भी वह ईरान में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

 

इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड समेत चमोली जिले और देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर है।

Related Articles

Back to top button