
रामनगर के धनगढ़ी नाले के पास बरसाती नाले का जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे छह लोगों को एक तेज रफ्तार बस ने कुलचा दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
सूचना के अनुसार धनगढ़ी नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थी। लोग नाले का पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इन्हीं में 6 लोग भी खड़े थे। जो अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए जलस्तर घटने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में एक बस ने लोगों को रौंद दिया। प्रथम दृष्टया में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि इस संबंध में तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में दो शिक्षक की मौत हो गई है, मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिंह पंवार (53 वर्ष), वीरेंद्र शर्मा (42 वर्ष) रामनगर के रहने वाले थे। दोनों शिक्षक रोजाना की तरह अपने घर से हरणा सल्ट पढ़ाने के लिए जा रहे थे।
हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। जिनमें से तीन भी शिक्षक बताए जा रहे हैं। घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। ललित पांडे मोहान स्थित इंडियन मेडिसिन फार्मास्यूटिकल कॉरपोरेशन लिमिटेड में तैनात है। सत्य प्रकाश निवासी जसपुर, दीपक शाह निवासी मालधन, सुनील राज ये सभी शिक्षक थे, जो पौड़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा क्षेत्र में पढ़ाने के लिए जा रहे थे। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। धनगढ़ी नाले के पास बरसात के मौसम में हर साल पानी का स्तर बढ़ने से खतरा बढ़ जाता है। वहीं मौत की सूचना पर मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।