घर में भीषण आग लगने से एक परिवार के छह लोग की जिंदा जलकर हुई मौत, कुछ ने कूदकर बचाई जान
मेरठ के एक घर में भीषण आग लगने से 6 लोगों की जलकर मौत हो गई। यह घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवईनगर में मेरठ के कपड़ा कारोबारी के घर हुई है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एक भाई की पत्नी और तीन बच्चे, दूसरे भाई के बेटा-बेटी की जलकर मौत हो गई। दो भाइयों की पत्नी और बच्चों ने दूसरी छत पर कूदकर जान बचाई। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण लग रहा है।
मृतकों की पहचान रुखसार (30) पत्नी आसिम, अकद्दस (03) पुत्र आसिम, नाबिया (6 माह) पुत्री आसिम, इनायत (6 माह) पुत्री आसिम, महविश (12) पुत्री फारुख, हम्माद (04) पुत्र फारुख के रूप में हुई है।
2 अन्य लोग भी इस आग में झुलसे हैं, जो अस्पताल में भर्ती है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे और वारदात वाली जगह पर जांच की तो पता चला कि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी है।
मकान में आग लगने के दौरान इकबाल के परिवार की महिलाएं खाना बनाने की तैयारी कर रहीं थीं। बेटे डॉ.अरशद ने बताया कि वह नमाज पढ़ने गए हुए थे। उस दौरान परिवार की महिलाएं खाना बनाने की तैयारी कर रहीं थी। जब वह लौटकर आए तो उन्हें हादसे की जानकारी हुई।
पुलिस की सूचना के अनुसार, कपड़ा व्यापारी इकबाल अंसारी का किदवई नगर में 3 मंजिला मकान बना हुआ है। घर में सबसे नीचे हिस्से में एक बड़ा गोदाम बना हुआ है, जिसके अंदर रेडीमेड कपड़े रखे हुए है। वहीं ऊपर की मंजिलों पर पूरा परिवार रहता था, मगर सोमवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे की तरफ पहली मंजिल पर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। गोदाम के अंदर कपड़ों का स्टॉक रखे होने की वजह से कुछ ही देर के भीतर आग ने एक भयानक रूप ले लिया। धुआं तेजी से पूरे मकान में भर गया और सीढ़ियों तक लपटें पहुंच गईं। जिससे ऊपर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर सके और जलकर राख हो गए।



