विकासनगर में दो कश्मीरी शॉल युवकों की पिटाई का मामला सामने आया है। जो फेरी लगाकर शॉल बेचने का काम करते हैं और कश्मीर से विकासनगर आए थे। दोनों युवक डाकपत्थर रोड स्थित एक जनरल स्टोर से सामान खरीदने गए थे। दुकान पर मौजूद लोगों ने उनके साथ धार्मिक और जातिगत टिप्पणियां कीं। पीड़ित युवकों का कहना है कि इसके बाद दुकान मालिक ने उन्हें पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ते हुए आपत्तिजनक बयान दिए और विरोध करने पर दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया।
दोनों कश्मीरी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है। उनसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया। जिस पर पुष्कर सिंह धामी ने आश्वासन दिया कि मामले में एफआईआर दर्ज करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग विकासनगर बाजार चौकी पर इकट्ठा हो गए। मौके पर पहुंचे मुस्लिम समाज के लोगों ने घायल युवकों को गोद में उठाकर पुलिस चौकी का घेराव किया और उत्पीड़न बंद करो जैसे नारे लगाए।
बेरहमी से मारपीट में एक 18 साल के युवक के सिर पर 18 टांके लगे हैं। साथ ही दूसरे युवक का हाथ टूट गया। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में देहरादून के दून अस्पताल में रेफर कर दिया गया।


