
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर पहुंचे। मनोज सरकार स्टेडियम में ट्रैक साइकिलिंग की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन चल रहा है। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 300 मीटर साइकिल चलाकर साइकिल राइडरों का हौसला बढ़ाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मैच देखने आए बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने वेलोड्रम में साइकिलिंग प्रतियोगिता देखी और खुद भी वेलोड्रम में साइकिलिंग की। उन्होंने विजेता सर्विसेज की टीम को गोल्ड, पंजाब को रजत और राजस्थान की टीम को कांस्य पदक दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों से पूरे प्रदेश में लोगों में उत्साह का माहौल है। 11 जगहों पर राष्ट्रीय खेल हो रहे हैं। उत्तराखंड के खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेल का प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में शुभारंभ किया था। आज प्रदेश के लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है। ऐसे में वो भी खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए मैदान में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल में उत्तराखंड अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। 14 फरवरी को हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेल का समापन होगा। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।