
चमोली के ज्योतिर्मठ सुभाई मार्ग में एक कार में महिला का जला शव मिला है। कार भी जली हुई हालत में थी। कार के अंदर महिला का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कर्नाटक राज्य से पंजीकृत मारुति रिट्ज कार संख्या केए 01 एजी 0590 में एक युवक और युवती बीते शनिवार को सुभाई में घूमते हुए स्थानीय लोगों को दिखे थे। शुक्रवार को भी यह कार जोशीमठ में लोगों को घूमती हुई दिखी थी।
कार के अंदर महिला का शव मिला है, जबकि उसके साथ में घूम रहा युवक लापता है। ऐसे में महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है। शव इतनी बुरी हालत में था कि उसकी शिनाख्त तक नहीं हो पाई।