
देहरादून के राजपुर क्षेत्र के जाखन में रोटविलर नस्ल के दो पालतू कुत्तों ने मंदिर जा रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला कर दिया। घटना के दौरान कुत्तों ने बुजुर्ग के हाथ और कान को बुरी तरह से नोच डाला। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कौशल्या देवी के बेटे की शिकायत पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कौशल्या देवी के बेटे उमंग निर्वाल ने बताया कि उनकी माता रोजाना पास के अर्द्धनादेश्वर मंदिर में जाती हैं। रविवार को भी वह सुबह चार बजे घर से निकली थीं। पास में ही मोहम्मद जैद का घर है। जैद ने रॉटविलर नस्ल के दो कुत्ते पाले हुए हैं। जैसे ही उनकी माता जैद के घर के सामने से गुजरीं तभी कुत्तों ने दीवार फांदकर उन पर हमला कर दिया। दोनों कुत्तों ने उनकी माता को बुरी तरह से काट लिया।
उमंग ने बताया किए उनकी माता के सिर, हाथ और पैर पर 200 टांके आए हैं। हाथ की दो हड्डियां टूट गई हैं। डॉक्टरों ने सोमवार को हाथ का ऑपरेशन करने की बात कही है। जबकि, कान का ऑपरेशन रविवार को ही कर दिया गया।
कुत्तों के काटने से महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि कुत्ते पहले भी मालिक की लापरवाही के कारण कई व्यक्तियों पर जानलेवा हमला कर चुके हैं। गली मोहल्ले में रहने वाले लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन कुत्तों के मालिक ने अनदेखा कर दिया। थाना राजपुर प्रभारी सैंकी कुमार ने बताया है कि घायल महिला के बेटे उमंग की शिकायत के आधार पर कुत्ते के मालिक मोहम्मद जैद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है पुलिस मामले की जांच कर रही है।