उत्तराखंडदेहरादून

मैराथन केवल दौड़ नहीं, स्वस्थ समाज का संकल्प: रेखा आर्या

पुलिस लाइन मैदान में आयोजित “एक दौड़ सेहत की ओर” मैराथन कार्यक्रम में उत्तराखंड की खेल मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है और ऐसी मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि समाज को फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज तकनीक के बढ़ते दखल और भौतिक सुविधाओं में वृद्धि के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां लगातार सिमटती जा रही हैं।

रेखा आर्या ने कहा कि मोबाइल और डिजिटल जीवनशैली ने हमारी दिनचर्या को आसान जरूर बनाया है, लेकिन इससे शारीरिक सक्रियता कम हुई है। यदि हम प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम या दौड़ को अपनाएं, तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन है। राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत केवल पदक की नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की होती है।

कार्यक्रम में व्हीलचेयर पर पहुंचे प्रतिभागियों का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका उत्साह उन लोगों के लिए बड़ी प्रेरणा है, जो पूर्णतः सक्षम होने के बावजूद फिटनेस के प्रति लापरवाही बरतते हैं।

इस अवसर पर अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप बाजपेई, मार्केटिंग हेड विनीत मिश्रा, वरिष्ठ संवाददाता बिशन सिंह बोरा, मार्केटिंग मैनेजर लोकेश शर्मा, पंकज पोखरियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button